• September 22, 2024

Samachar India Live

India's Most Authentic Hindi News Portal

मिजोरम में प्रारंभिक दौर में 17 फीसदी से अधिक मतदान

BySamachar India Live

Nov 7, 2023

मिजोरम में 40 सीटों वाले विधानसभा के चुनाव के लिए मंगलवार को जारी मतदान में पहले दो घंटों में 17 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
पूर्वोत्तर के पहाड़ी राज्य मिजोरम में अगले पांच वर्षों के लिए अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद से ही बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े थे। मतदान शाम चार बजे तक चलेगा।
चुनाव अधिकारियों ने बताया कि सुबह 09.00 बजे तक मतदान प्रतिशत 17.18 रहा। कुछ मतदान केंद्रों को छोड़कर जहां ईवीएम में कुछ तकनीकी खराबी आई थी, मतदान सुचारू रूप से शुरू हो गया।

देश के दूसरे सबसे कम आबादी वाले और पांचवें सबसे छोटे राज्य में 1,276 मतदान केंद्र हैं जहां 4,39,026 महिलाओं सहित 8,56,868 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट , जोराम पीपुल्स मूवमेंट और कांग्रेस सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा 23 सीटों पर और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार चार सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।  राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उच्च तकनीक उपायों के साथ-साथ बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था भी लागू की गयी है। शांति और व्यवस्था बनाये रखने के लिए  राज्य पुलिस कर्मियों के अलावा, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को तैनात किया गया है। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए 21 सामान्य पर्यवेक्षक, 14 व्यय पर्यवेक्षक और 11 पुलिस पर्यवेक्षक तैनात किये गये हैं।
चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया कि 769 केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जा रही है।