• September 22, 2024

Samachar India Live

India's Most Authentic Hindi News Portal

राममंदिर निर्माण के बाद भी नकारात्मकता में जीने वाले लोग नफरत नहीं छोड़ रहे : प्रधानमंत्री

BySamachar India Live

Feb 22, 2024

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण होने के बाद भी नकरात्मकता में जी रहे हैं और नफरत का रास्ता छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं।

प्रधानमंत्री गुजरात के मेहसाणा जिले में वालीनाथ महादेव मंदिर का उद्घाटन करने के बाद जनता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 8,350 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और उनका शिलान्यास भी किया।

मोदी ने कहा कि स्वतंत्र भारत में लंबे वक्त तक कांग्रेस ने ‘‘विकास और विरासत के बीच’’ टकराव और शत्रुता पैदा की।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर किसी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाए तो वह कांग्रेस है जिसने दशकों तक देश पर राज किया। ये वही लोग हैं, जिन्होंने सोमनाथ (मंदिर) जैसे पावन स्थल को भी विवाद का कारण बनाया।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गुजरात के पंचमहल जिले में पावागढ़ मंदिर में धर्मध्वजा फहराने की इच्छा तक नहीं दिखायी और दशकों तक मोढ़ेरा के सूर्य मंदिर को भी वोटबैंक की राजनीति से जोड़कर देखा।

मोदी ने कहा, ‘‘ये वही लोग हैं, जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए और उनके मंदिर के निर्माण को लेकर रोड़े अटकाए।

उन्होंने कहा, ‘‘और आज जब (भगवान राम की) जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण हो चुका है, जब पूरा देश इससे खुश है तो भी नकारात्मकता में जीने वाले लोग नफरत का रास्ता छोड़ नहीं रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘2004 से 2014 तक कांग्रेस सरकार इसकी फाइल को दबाए रही। करीब डेढ़ साल पहले, मैंने इस परियोजना की नींव रखी क्योंकि मोदी जो कहते हैं वह करते हैं।’’

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास भारत की विरासत को विश्व विरासत के रूप में संरक्षित और विकसित करने का रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात में भी भारत की प्राचीन सभ्यता के कई प्रतीक मौजूद हैं। ये प्रतीक न केवल इतिहास को समझने बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनकी जड़ों से जोड़ने के लिए भी काफी महत्वपूर्ण हैं। इसलिए हमारी सरकार का उन्हें विश्व विरासत के रूप में संरक्षित और विकसित करने का प्रयास रहा है।’’

उन्होंने कहा कि पिछले महीने ही मेहसाणा जिले के वडनगर में 2,800 साल पहले की सभ्यता के चिह्न मिले हैं।

वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का गृह नगर है।

मोदी ने कहा कि गुजरात के धोलावीरा में भी ऐसी ही प्राचीन भारतीय विरासत मिली थी। उन्होंने कहा, ‘‘ये भारत का गौरव हैं और हमें इस समृद्ध विरासत पर गर्व है।’’

उन्होंने कहा कि नए भारत में किया जा रहा हर प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए एक विरासत बनाने की दिशा में है, चाहे वह नयी और आधुनिक सड़कें हों या रेल की पटरियां हों।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मोदी की गारंटी का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के जीवन में बदलाव लाना है।’’

उन्होंने कहा कि एक तरफ देश में देवालय भी बन रहे हैं और वहीं दूसरी तरफ, करोड़ों गरीबों के पक्के घर भी बन रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐसा समय है जब देवकाज हो या फिर देशकाज, दोनों तेज गति से हो रहे हैं।’’

मोदी ने कहा, ‘‘हम विकास कार्य करेंगे और हमारी विरासत को संरक्षित करेंगे।’’