• September 22, 2024

Samachar India Live

India's Most Authentic Hindi News Portal

निगम में पांच हजार सफाईकर्मियों को स्थाई करने का पूरा किया वादा : केजरीवाल

BySamachar India Live

Nov 1, 2023

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार ने पांच हज़ार सफ़ाई कर्मचारियों को स्थाई करने का अपना वादा पूरा किया है।

केजरीवाल ने संवाददाताओं से आज यहां कहा,“ आम आदमी पार्टी की सरकार ने निगम के पांच हजार कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का कर दिया है। यह कर्मचारी लंबे समय से अपनी नौकरी पक्की करने की मांग कर रहे थे, लेकिन 15 साल सरकार में रही भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने इनकी मांगों को कभी गंभीरता से नहीं लिया। अब तक हमने 6484 कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का किया है।”

मुख्यमंत्री ने कहा,“ पिछले 15 साल से दिल्ली नगर निगम में भाजपा की सरकार थी। भाजपा ने सफाई कर्मचारियों का शोषण करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। सफाई कर्मचारियों की हमेशा यही मांग रही कि उनको पक्का किया जाए। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बने अभी डेढ़ साल ही हुए हैं। इन डेढ़ साल के अंदर हमने करीब 30 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया है। यह आम आदमी पार्टी की प्रतिबद्धता को दिखाता है।”
उन्होंने कहा,“ जब से दिल्ली नगर निगम में ‘आप’ की सरकार बनी है, नगर निगम से अच्छी-अच्छी खबरें आ रही हैं। हमारी सरकार से पहले नगर निगम से भ्रष्टाचार और तनख्वाह नहीं मिलने की खबरें आती थीं। जब निगम में भाजपा की सरकार थी, तब खूब भ्रष्टाचार होता था। इसके अलावा कर्मचारियों की तीन-चार महीने से तनख्वाह नहीं मिलने की खबरें आती थी। सफाई कर्मचारी तनख्वाह की मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन और हड़ताल करते नजर आते थे। हमने कई गलत चीजों को नियंत्रित किया है और पिछले तीन-चार महीने से सभी कर्मचारियों को समय पर तनख्वाह मिलने लगी है।”